
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा, शिकायतें दवा की हैं, दवा में कमीशन की हैं पर स्वास्थ्य मंत्री दारू दुकान का औचक निरीक्षण कर रहे हैं!!! सुशासन तिहार चकाचक चल रहा है।


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जिले के प्रवास के दौरान यहां संचालित शराब की दुकान का निरीक्षण करने पहुंच गए। पूछने पर मंत्री ने बताया कि दुकान में शराब सही ब्रांड की मिल रही है कि नहीं चेक करने के लिए गए थे। हालांकि मंत्री के इस तरह शराब दुकान के निरीक्षण करने की लोग तरह-तरह से आलोचना कर रहे हैं। वही इस वजह से मंत्री सोशल मीडिया में ट्रोल भी हो रहे है। आपको बता दे कि मंत्री छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कार्पोरेशन के चेयरमैन भी है। दरअसल अपने प्रभार वाले जिले के दौरे पर गए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पूरे दल-बल के साथ शराब की दुकान पर पहुंचे थे। संभवतः उन्हें किसी कार्यकर्त्ता ने शराब की बिक्री को लेकर शिकायत की होगी, जिसके बाद वे सीधे शराब की दुकान में पहुंच गए। दवा मंत्री का दारू दुकान जाना सोशल मीडिया में ट्रोल हो गया।







