फिर एक बार सुरक्षाबलों का नक्सलियों पर बड़ा कहर, चार मारे गए, ऑपरेशन जारी

नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी जंगलों में शनिवार शाम से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अब तक चार नक्सलियों को मार गिराया गया है। मौके से इंसास और एसएलआर राइफलों सहित भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
गोपनीय सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन

विश्वसनीय खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने रणनीतिक ढंग से मोर्चा संभाला। मुठभेड़ रुक-रुक कर जारी रही और इस दौरान चार नक्सली ढेर किए गए।
अभी भी जारी है ऑपरेशन
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है, और सुरक्षा कारणों से मुठभेड़ स्थल की सटीक लोकेशन, बलों की तैनाती और रणनीति से जुड़ी जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद विस्तृत आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
बरामदगी बनी बड़ी कामयाबी
बरामद हथियारों और सामग्री से यह स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। मुठभेड़ स्थल से जो वस्तुएं मिली हैं, उनमें घातक हथियारों के साथ रोजमर्रा की वस्तुएं भी शामिल हैं, जो नक्सल शिविर की मौजूदगी को दर्शाती हैं।
यह मुठभेड़ क्यों है अहम ?
माओवादी गतिविधियों पर लगाम का संकेत
घने जंगलों में गुप्त ऑपरेशन की सफलता
क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद


About The Author










































