खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सघन जांच व जागरूकता अभियान में दर्जनों होटल व स्ट्रीट फूड वेंडर पर कार्रवाई, बरसात के मौसम में स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य पर विशेष जोर

नई पहल न्यूज नेटवर्क। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। आगामी रक्षाबंधन और बरसाती मौसम में खाद्य जनित बीमारियों से बचाव तथा सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में ‘बने खाबो-बने रहिबो’ सघन जांच और जागरूकता अभियान चलाया। नियंत्रक दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन और अभिहित अधिकारी ऋचा चंद्राकर के निर्देशन में, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीलम ठाकुर के नेतृत्व में 4 से 6 अगस्त तक जिले के तीनों ब्लॉकों में जांच की गई।
मिठाइयों और नमकीन के दर्जनों नमूने

जिले के विपुल स्वीट एवं रेस्टोरेंट, देवा होटल, कृष्णा स्वीट्स, करणी जोधपुर मिष्ठान भंडार, कान्हा स्वीट्स, जैन साहब स्वीट्स, मानव मंदिर, जैन स्वीट्स, स्वीट इंडिया, प्रयागराज मिर्जापुर चटोरी सेंटर, श्रीनाथ स्वीट्स और गुप्ता होटल से खोवा जलेबी, पेड़ा, लड्डू, दालमोठ, मगज लड्डू, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, दूध बर्फी, काजू कतली, गुझिया, खजूर रोल, सेव, आलू मसाला और जलेबी के नमूने लिए गए। ये सभी सैंपल राज्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
30 से अधिक वेंडरों की जांच
अभियान में 30 से ज्यादा स्ट्रीट फूड वेंडर, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट में दबिश दी गई। बरसात के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, ताजे और स्वच्छ भोजन पर विशेष जांच की गई।
अखबारी और प्रिंटेड पेपर पर परोसे जा रहे नाश्ते पर रोक
अभियान के दौरान 12 से अधिक दुकानदारों को अखबार या प्रिंटेड पेपर पर नाश्ता परोसने पर नोटिस थमाया गया और साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी गई।
नीलम ठाकुर ने स्पष्ट कहा — “नाश्ते में अखबारी कागज का इस्तेमाल न करें, यह सेहत के लिए हानिकारक है।”
उद्देश्य: जन-जागरूकता और सुरक्षित भोजन
अभियान का मकसद लोगों को खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना है, ताकि हर नागरिक ‘बने खाबो-बने रहिबो’ का पालन करे और सुरक्षित, स्वच्छ भोजन अपनाए।


About The Author










































