मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी छत्तीसगढ़ के राज्य निर्माता हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए भौगोलिक क्षेत्र को नए राज्य का स्वरूप दिया, जिसके लिए छत्तीसगढ़ सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे – पत्रकार, कवि और राजनेता के रूप में उन्होंने अपनी अमिट पहचान बनाई।
छत्तीसगढ़ सरकार इस वर्ष को “अटल निर्माण वर्ष” मनाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के रूप में अटल जी ने भारत की वैश्विक पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके कार्यकाल में लागू योजनाओं ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली। सड़कों का व्यापक जाल, किसानों को सहूलियत, आदिवासी विभाग का गठन जैसे कदम ऐतिहासिक साबित हुए। श्री साय ने कहा कि अटल जी ऐसे युगपुरुष थे जिन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी का स्नेह मिला। माँ भारती की प्रतिष्ठा और यश के लिए उनका जीवन समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के साथ जुड़ी उनकी स्मृतियाँ उन्हें निरंतर प्रेरित करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस वर्ष को “अटल निर्माण वर्ष” के रूप में मना रही है और पूरे वर्षभर अटल जी की स्मृति में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।























About The Author














