“तिरंगा हमारी एकता, त्याग और राष्ट्रप्रेम का सशक्त प्रतीक है” : विधायक भावना बोहरा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के सम्मान में पंडरिया विधानसभा में एक अद्वितीय तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। इस भव्य यात्रा का नेतृत्व विधायक भावना बोहरा ने किया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुण्डा मंडल से प्रारंभ हुई यह विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठी। हर घर तिरंगा अभियान को नई ऊर्जा देने के लिए विधायक बोहरा ने नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा—
“तिरंगा हमारा गर्व और अभिमान है। इस तिरंगे की रक्षा और देश की आज़ादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना जीवन न्योछावर किया। ऑपरेशन सिंदूर में हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया है। यह तिरंगा यात्रा उन्हीं बलिदानों को नमन करने और राष्ट्रप्रेम के पुनर्जागरण का अवसर है।”उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं है, बल्कि यह भारत के हर नागरिक को उसकी जड़ों, संस्कृति और स्वतंत्रता के मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है।
जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा—
“यह अभियान हमें एकजुट होकर मजबूत, समृद्ध और गौरवशाली भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है।”यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। महिला, युवा, बुजुर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग तिरंगे के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा के सभी मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


About The Author














