छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष : 25 हफ्तों का उत्सव, विरासत और विकास का महायज्ञ शुरू होने को तैयार

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य के गठन को 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, और इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य एवं प्रेरणादायक बनाने के लिए राज्य शासन ने रजत जयंती वर्ष की तैयारियों का बिगुल बजा दिया है। मंत्रालय महानदी भवन में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में रजत जयंती समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
दो चरणों में होगा आयोजन, 25 सप्ताह तक चलेंगे कार्यक्रम :
रजत जयंती वर्ष का आयोजन दो चरणों में होगा। पहला चरण 15 अगस्त 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक और दूसरा चरण 1 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक चलेगा। इन 25 हफ्तों में प्रत्येक सप्ताह राज्य के सभी विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की झलक, उपलब्धियों की प्रदर्शनी और जनसरोकार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हर वर्ग की भागीदारी, हर गांव की भागीदारी :
अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि यह उत्सव गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी केंद्रित होगा, जिसमें इन वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक कार्यक्रम होंगे, ताकि हर नागरिक इस उत्सव का सहभागी बन सके।
जनगौरव और देशभक्ति को मिलेगा नया आयाम :
संस्कृति सचिव रोहित यादव ने प्रस्तुतीकरण के जरिए आयोजन की रूपरेखा रखी, जबकि जनसंपर्क आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने विभागीय उपलब्धियों को उजागर करने की दिशा में समन्वय पर बल दिया। कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक आयोजन, साहित्य संगोष्ठी, विद्यालयों-महाविद्यालयों में प्रेरक कार्यक्रम, जनसंपर्क यात्रा और डिजिटल सहभागिता को शामिल किया जाएगा।
विरासत और विश्वास का संगम, तकनीक से पारदर्शिता की निगरानी :
रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, जनसंघर्ष और विकास की यात्रा को समेटते हुए कार्यक्रम आयोजित होंगे। तकनीक के माध्यम से सभी गतिविधियों की पारदर्शी निगरानी और प्रभाव मूल्यांकन किया जाएगा।
कार्ययोजना 5 अगस्त तक सौंपने के निर्देश :
सभी विभागों और जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यक्रमों की कार्ययोजना 5 अगस्त 2025 तक संस्कृति विभाग को सौंपें। जिला कलेक्टरों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में आयोजन की रूपरेखा शीघ्र तैयार करें।
एक भारत, समृद्ध छत्तीसगढ़ का महोत्सव :
रजत जयंती वर्ष सिर्फ एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की जन-आस्था, आत्मगौरव और विकास यात्रा का सामूहिक उत्सव होगा। शासन की मंशा है कि यह उत्सव राज्य के हर नागरिक को छत्तीसगढ़ी होने पर गर्व महसूस कराए और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा का मार्ग दिखाए।
#छत्तीसगढ़25वर्ष #रजतजयंतीउत्सव #जनगौरव #सांस्कृतिकविरासत #एकछत्तीसगढ़


About The Author










































