प्रदेश की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य के लिए भोलेनाथ से मांगी मन्नत; सपरिवार निभाई पौराणिक कांवड़ यात्रा की परंपरा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। सावन के पवित्र महीने में आस्था, भक्ति और जन-सेवा के संकल्प का अद्भुत संगम देखने को मिला। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) तक पैदल कांवड़ यात्रा पूरी की और भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया। पौराणिक मान्यताओं और परंपराओं का पूर्ण निष्ठा से पालन करते हुए उन्होंने सपरिवार भोलेनाथ को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
बासुकिनाथ धाम में भी टेका माथा
देवघर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री बासुकिनाथ धाम पहुंचे। वहां उन्होंने बाबा बासुकिनाथ का भी जलाभिषेक कर राज्य की मंगलकामना की। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर का वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा और भक्तिमय माहौल बना रहा।



जनता के निरोगी जीवन और विकास की कामना
पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा:
“बाबा भोलेनाथ के चरणों में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। सावन का यह पावन अवसर हमें निस्वार्थ सेवा और अटूट आस्था की प्रेरणा देता है। बाबा बैद्यनाथ और बासुकिनाथ की कृपा से हमारा राज्य निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।”
About The Author














