जनआकांक्षाओं को मिली नई दिशा धौराबन्द-बंशापुर से प्राणखैरा मार्ग बनने से कवर्धा, रायपुर और बोड़ला की दूरी होगी कम, समय और पैसे की होगी बड़ी बचत
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया। विधानसभा के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को अब पंख लगने लगे हैं। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सुदूर गांवों को मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी और बेहद खास मांग को पूरा करते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम प्राणखैरा में धौराबन्द-बंशापुर से प्राणखैरा तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन किया।
3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपए की लागत से बनने वाली यह 2.312 किलोमीटर लंबी सड़क पुल-पुलियों के साथ तैयार होगी। इस सड़क के निर्माण से धौराबन्द, आमादाह, बंशापुर और प्राणखैरा सहित आस-पास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सबसे बड़ी राहत दामापुर और उससे लगे ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी, जिन्हें पहले कवर्धा, बोड़ला और रायपुर जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब इस मार्ग के बनने से उनका समय, श्रम और पैसा तीनों बचेगा। विकास की इस सौगात से उत्साहित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सड़कें सिर्फ गांवों को नहीं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को जोड़ती हैं: भावना बोहरा
भूमिपूजन के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि इस पूरे क्षेत्र के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग है। उन्होंने कहा:
”अच्छी सड़कें केवल गांवों को आपस में जोड़ने का काम नहीं करतीं, बल्कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक उन्नति के नए दरवाजे खोलती हैं। इस मार्ग के बनने से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को अब आवागमन की समस्याओं से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।”
भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में जनता की सुविधा के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पिछले कुछ समय में ग्रामीण, वनांचल और नगरीय क्षेत्रों को मिलाकर 500 किलोमीटर से अधिक के सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं और बाकी बचे कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाएगा।
डबल इंजन सरकार में पंडरिया बन रहा ‘आदर्श विधानसभा’
विधायक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन भाजपा सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद से पंडरिया में विकास की गति तेज हुई है और यह क्षेत्र पूरे प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा के रूप में उभर रहा है।
विगत वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि वनांचल के गांवों तक बिजली, स्वच्छ पेयजल और पक्के आवास पहुंचाए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में:
- युवाओं के लिए 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी की स्वीकृति।
- व्यापारियों को सशक्त बनाने के लिए व्यावसायिक परिसर का निर्माण।
- किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सिंचाई परियोजनाएं।
- इसके साथ ही मिनी स्टेडियम, बाईपास सड़क, तालाबों का संरक्षण, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण और महिलाओं के लिए महतारी सदन जैसे कई अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं ताकि कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुंडा मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी धृतलहरे, सुशीला अश्वनी यदु, मंडल महामंत्री मनहरण साहू, विकास पांडे, महेंद्र धृतलहरे, दिनेश मिश्रा, परस सिंगरौल, सरपंच सोनम कुलेश्वर चंद्राकर, देवेंद्र चन्द्रवशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
About The Author














