विधायक भावना बोहरा की अनूठी पहल से महिला सशक्तिकरण को मिली नई उड़ान, शक्ति पर्व पर पंडरिया की महिलाओं को मिला सौगात का तोहफा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें आर्थिक-सामाजिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में पंडरिया में एक नया अध्याय जुड़ गया है। स्थानीय विधायक भावना बोहरा की पहल पर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 स्थित सामुदायिक भवन के पास 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित ‘महिला चौपाटी’ का भव्य लोकार्पण किया गया। नवरात्रि और शक्ति पर्व के पावन अवसर पर शुरू हुआ यह मंच क्षेत्र की माताओं-बहनों को व्यापार, स्वरोजगार और आपसी सहयोग के नए अवसरों से जोड़ेगा।

आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक प्रगति का आधार


लोकार्पण अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सिर्फ एक परिवार की उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण की बुनियाद है। जब महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती हैं, तो वे पूरे समाज की प्रगति में योगदान देती हैं। 30.93 लाख रुपये की लागत से तैयार यह चौपाटी महिलाओं को अपने हुनर का प्रदर्शन करने, छोटे व्यवसाय शुरू करने और अपनी एक अलग पहचान बनाने का अवसर देगी। पंडरिया की महिलाओं को आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ाना ही प्राथमिक संकल्प है।
सरकारी योजनाओं का मिल रहा सीधा लाभ

विधायक ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए लगातार काम किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को प्रतिमाह वित्तीय संबल मिल रहा है, वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को आसान ऋण और आजीविका के साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


स्वरोजगार और स्थानीय विकास को मिलेगी गति
महिला चौपाटी को स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का प्रमुख केंद्र बताते हुए भावना बोहरा ने कहा कि इस तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और महिलाएँ अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास में भागीदारी निभा सकेंगी। विकसित पंडरिया और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष रविश सिंह ठाकुर, विभिन्न वार्डों के पार्षद, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
About The Author










































