नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। जिले के अन्नदाताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 22वीं किस्त आगामी 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। इस योजना के तहत जिले के हजारों किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जाएगी, जिससे उन्हें कृषि कार्यों में बड़ी आर्थिक मदद मिलेगी।
गुवाहाटी से होगा सीधा प्रसारण (DBT)
उप-संचालक कृषि, जिला MCB ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी से शाम 5:00 बजे देशभर के किसानों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की जाएगी। इस अवसर पर जिले के लगभग 28,145 पात्र किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 की किस्त सीधे जमा की जाएगी। जिले के लिए कुल ₹5.65 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।
जिले में मनेगा “पीएम किसान उत्सव दिवस”
भारत सरकार के निर्देशानुसार 13 मार्च को जिले में “पीएम किसान उत्सव दिवस” मनाया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर किसान गोष्ठियों का आयोजन होगा, जहाँ किसान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
किस्त पाने के लिए ये 3 काम हैं अनिवार्य:
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए निम्नलिखित कार्य तुरंत पूर्ण करें:
- ई-केवाईसी (e-KYC): लंबित होने पर तुरंत पूर्ण कराएं।
- आधार सीडिंग: बैंक खाते को आधार से लिंक कर डीबीटी (DBT) सक्षम कराएं।
- फार्मर आईडी (AgriStack): एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपनी फार्मर आईडी बनवाएं।
किसान इन कार्यों के लिए अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र (CSC), चॉइस सेंटर या विकासखंड के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
About The Author














