मध्य प्रदेश में मिला त्वरित प्राथमिक इलाज, अब बिलासपुर सिम्स में शुरू हुआ इलाज; परिजन बोले — “ऐसी जनसेवा ही असली राजनीति है“
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर/रायपुर/एमसीबी/रतलाम। राजनीति जब पद से आगे बढ़कर ‘संवेदना’ बनती है, तो सरहदें बेमानी हो जाती हैं। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री और मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने इस बात को एक बार फिर ज़मीनी हक़ीक़त बनाकर दिखाया है। अपने विधानसभा क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला की जान बचाने के लिए उन्होंने न सिर्फ़ राज्य की सीमाएं लांघीं, बल्कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के प्रशासन से सीधा समन्वय बिठाकर संकट में फंसी एक महिला को नया जीवन दिया।
रतलाम में मज़ार दर्शन के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम (वार्ड-19) की निवासी लक्ष्मी सिंह सर्वधर्म समभाव की मिसाल हैं। वह अक्सर विभिन्न तीर्थ स्थलों और धार्मिक स्थानों के दर्शन के लिए यात्राएं करती रहती हैं। इसी सिलसिले में वह मध्य प्रदेश के रतलाम में मज़ार दर्शन के लिए गई हुई थीं।
दर्शन के दौरान ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लक्ष्मी सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया।

दीपक की पुकार, मंत्री का त्वरित एक्शन
हादसे की खबर मिलते ही लक्ष्मी सिंह के बेटे दीपक सिंह (जो पेशे से ड्राइवर हैं) पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दूसरे राज्य में मां की इस हालत की खबर मिलते ही उन्होंने बिना समय गंवाए स्वास्थ्य मंत्री के निज सचिव राजेंद्र दास से संपर्क किया।
निज सचिव ने जैसे ही पूरा घटनाक्रम स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को बताया, मंत्री जी ने एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने तुरंत रतलाम के स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क साधकर महिला के लिए आपातकालीन चिकित्सा और सर्वोत्तम प्राथमिक उपचार सुनिश्चित कराया।
एम्बुलेंस से बिलासपुर सिम्स शिफ्ट, परिवार ने जताया दिल से आभार
रतलाम में प्राथमिक उपचार के बाद, स्वास्थ्य मंत्री के विशेष निर्देशों पर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित और सुगम तरीके से एम्बुलेंस के ज़रिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लाया गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका आगे का इलाज शुरू हो चुका है।
संकट के इस समय में अपने जनप्रतिनिधि की इस त्वरित और संवेदनशील मदद से लक्ष्मी सिंह का पूरा परिवार भावुक है। परिजनों ने नम आंखों से स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का तहे दिल से आभार जताते हुए कहा कि “सच्चे अर्थों में जनसेवा क्या होती है, मंत्री जी ने आज हमें दिखा दिया।”
About The Author














