नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परिणामों को लेकर प्रदेश का सियासी तापमान अपने चरम पर पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विवादित बयानों और तंज पर पलटवार करते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने एक बेहद तीखा और हमलावर पोस्ट साझा किया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए चर्चित पीएससी घोटाले की याद दिलाते हुए उज्ज्वल दीपक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब छत्तीसगढ़ में ‘राजा का बेटा राजा नहीं बनता’, बल्कि मेहनत करने वाले आम छात्र अपनी काबिलियत से अफसर बन रहे हैं।
उज्ज्वल दीपक ने सोशल मीडिया पर पूर्व सीएम के बयान को रीट्वीट कर उन्हें आड़े हाथों लिया और राज्य की बेटियों के स्वाभिमान को लेकर भूपेश बघेल से युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।


‘सौम्या-रानू ही नहीं, स्पेस रानी भी छत्तीसगढ़ की बेटी’: नामों पर राजनीति करने वालों को मुंहतोड़ जवाब
भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने पूर्व सीएम के तंज का करारा जवाब देते हुए अभ्यर्थियों की पहचान और नाम पर की जा रही बयानबाजी को कटघरे में खड़ा किया:
- नामों की विविधता पर करारा प्रहार: “जरूरी नहीं कि किसी महिला का नाम सौम्या या रानू ही हो, ‘Spaceraani’ भी छत्तीसगढ़ की बेटी का नाम हो सकता है। जरूरी नहीं कि सिर्फ ‘TUTEJA’ ही किसी पुरुष का नाम या सरनेम हो, ‘TUFAIL’ भी छत्तीसगढ़ के किसी व्यक्ति का नाम हो सकता है।”
- मेहनत की जीत और मेरिट का दौर: “सूर्यकांत, समीर या अनवर ही नाम नहीं होते, ‘NEWS’, ‘He Ram’ या ‘भक्त प्रह्लाद’ भी छत्तीसगढ़ में नाम हो सकते हैं। अब सिर्फ साहिल और दीप्ति ही नहीं, ‘Spaceraani’ और ‘Tufail’ भी परीक्षा निकाल सकते हैं।”
- ‘राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा’: “अब सिर्फ टामन का बेटा ही डिप्टी कलेक्टर नहीं बनता। अब नौकरियां बेची नहीं जातीं। आपका राज-पाट खत्म हो चुका है और अब केवल कड़ी मेहनत करने वाला प्रतिभावान छात्र ही परीक्षा निकालकर बड़ा अधिकारी बनता है।”
‘बेटियों की इज्जत का ख्याल रखें भूपेश जी’—सनी लियोनी के जिक्र पर जताई कड़ी आपत्ति
अभ्यर्थी के चयन पर पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए संदर्भों पर कड़ा एतराज जताते हुए उज्ज्वल दीपक ने उनके आचरण पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक सफल अभ्यर्थी के परिणाम पर सनी लियोनी का जिक्र करना पूर्व मुख्यमंत्री के पद और गरिमा को शोभा नहीं देता।
अपनी नहीं तो कम से कम हमारी बेटियों की इज्जत का ख्याल रखिए। आपने अपने शासनकाल के घोटालों पर तो माफी नहीं मांगी, लेकिन अब एक मेहरबानी कीजिए—छत्तीसगढ़ के छले गए युवाओं और बेटियों से बिना शर्त माफी मांग लीजिए।
— उज्ज्वल दीपक, प्रदेश प्रवक्ता (भाजपा, छत्तीसगढ़)
लोक सेवा आयोग का आधिकारिक खंडन
सीजीपीएससी परिणामों को लेकर छिड़े इस राजनीतिक घमासान के बीच लोक सेवा आयोग ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले में घसीटे जा रहे निराधार दावों का कड़ा खंडन किया है।
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में पीएससी की साख पूरी तरह रसातल में चली गई थी, जहां केवल रसूखदारों के बच्चों का चयन होता था। लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था के चलते प्रदेश के दूर-दराज, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के प्रतिभावान युवा बिना किसी भ्रष्टाचार या सिफारिश के अपनी मेहनत के दम पर शीर्ष प्रशासनिक पदों पर काबिज हो रहे हैं।
About The Author














