उर्वरक कालाबाजारी पर प्रशासन का ‘हंटर’, केल्हारी में अवैध भंडारण और अनियमितता पकड़ी गई
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़|जिले में अन्नदाताओं के हक पर डाका डालने वाले खाद व्यापारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर के कड़े निर्देश के बाद हरकत में आए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने आज मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में ‘ताबड़तोड़ छापेमारी’ कर उर्वरक प्रतिष्ठानों में मचे हड़कंप को पुख्ता कर दिया। जांच में नियमों की धज्जियां उड़ाते पाए गए प्रतिष्ठानों पर तत्काल गाज गिराते हुए उनके विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
निरीक्षण में खुली पोल: कहीं स्टॉक गायब, तो कहीं बिना लाइसेंस के धंधा
उड़नदस्ता दल जब केल्हारी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में पहुँचा, तो वहां अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कई व्यापारी किसानों को अंधेरे में रखकर उर्वरकों का खेल खेल रहे थे।
प्रमुख अनियमितताएं जिन पर हुई कार्रवाई:
- दिखावे का स्टॉक: दुकानों में न तो स्टॉक बोर्ड था और न ही मूल्य सूची।
- रजिस्टर से छेड़छाड़: स्कंध पुस्तिका (Stock Register) का संधारण नहीं किया जा रहा था।
- डिजिटल हेरफेर: पी.ओ.एस. (POS) मशीन और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया।
- अवैध कारोबार: बिना वैध प्राधिकार पत्र के खाद और कीटनाशक बेचे जा रहे थे।
इन पर गिरी ‘कार्रवाई की गाज‘
प्रशासन की इस विशेष कार्रवाई में दो प्रमुख केंद्रों पर सख्त शिकंजा कसा गया है:



- केल्हारी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (ग्राम दुगला): यहाँ 61 बैग SSP खाद का अवैध भंडारण मिला। पी.ओ.एस. मशीन में अनियमितता के चलते यहाँ उर्वरक विक्रय को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
- रवि बीज भंडार (केल्हारी): यहाँ बिना प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशक और बिना प्राधिकार पत्र के NPK, SSP व MOP खाद बेची जा रही थी। अवैध भंडारण मिलने पर दुकान के स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
21 दिनों का ‘ब्लैकआउट’ और कारण बताओ नोटिस
नियमों का उल्लंघन करने वाले इन संचालकों को प्रशासन ने 7 दिनों के भीतर जवाब तलब किया है। दोषी पाए जाने पर इनके स्टॉक को 21 दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
किसानों के हितों से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों की जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
— उप संचालक कृषि, जिला MCB
टीम की मुस्तैदी
इस सफल रेड को उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी महेश पैकरा और उर्वरक निरीक्षक जितेन्द्र झा की टीम ने अंजाम दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे जिले के खाद विक्रेताओं में खौफ का माहौल है, वहीं किसानों ने इस कदम की सराहना की है।




