नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़। जिला पुलिस विभाग में सोमवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सर्जरी देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत, मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली की जिम्मेदारी अब अनुभवी पुलिस अधिकारी विवेक पाटले के कंधों पर सौंप दी गई है। दीपेश सैनी के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए इस महत्वपूर्ण पद पर विवेक पाटले ने सोमवार शाम को ही पदभार ग्रहण कर लिया है।

प्रशासनिक सर्जरी: दीपेश सैनी की रायपुर रवानगी, पाटले को नई जिम्मेदारी
मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली में थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवा दे रहे निरीक्षक दीपेश कुमार सैनी का स्थानांतरण राजधानी रायपुर (नगरीय) में होने के बाद, पुलिस अधीक्षक ने यह वैकल्पिक और महत्वपूर्ण व्यवस्था की है।
- विवेक पाटले (निरीक्षक): जो अब तक थाना प्रभारी पोड़ी और प्रभारी साइबर सेल की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें अब मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे पूर्व की तरह साइबर सेल प्रभारी का अतिरिक्त कार्यभार भी देखते रहेंगे।
- शेषनारायण सिंह (सउनि): चौकी प्रभारी नागपुर को अपनी वर्तमान जिम्मेदारी के साथ-साथ आगामी आदेश तक थाना पोड़ी का कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक्शन मोड में नए टीआई: पदभार ग्रहण करते ही कड़े तेवर
सोमवार शाम को सिटी कोतवाली पहुँचकर विवेक पाटले ने विधिवत पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्टाफ के साथ औपचारिक बैठक की और क्षेत्र की कानून व्यवस्था का फीडबैक लिया। साइबर सेल के विशेषज्ञ होने के नाते माना जा रहा है कि उनके आने से शहर में अपराध नियंत्रण और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपराधियों की धरपकड़ में तेजी आएगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी विवेक पाटले ने स्पष्ट शब्दों में अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा:



मेरी पहली प्राथमिकता शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है। पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद होगा ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान त्वरित हो सके। शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार या शांति भंग करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष रणनीति के साथ काम किया जाएगा।
– विवक पाटले, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली




