मंदिर में ग्रेनाइट, तालाब किनारे चेंजिंग रूम और यज्ञशाला की मांग, नगर पालिका बिजुरी को सौपा गया मास्टर प्लान
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिजुरी। नगर की आस्था के प्रमुख केंद्र सूर्य मंदिर और देवी तालाब के कायाकल्प की तैयारी तेज हो गई है। आज सूर्य सेवा समिति बिजुरी ने मंदिर परिसर और तालाब क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर नगर पालिका प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। समिति के अध्यक्ष विक्रमा सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम 7 प्रमुख बिंदुओं का मांग पत्र वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक लखनलाल पनिका को सौंपा।
विकास के 7 संकल्प : क्या है समिति की मांग ?
सूर्य सेवा समिति ने ज्ञापन के माध्यम से देवी तालाब और मंदिर परिसर के लिए सात महत्वपूर्ण कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की है:
- सौंदर्यीकरण: सूर्य मंदिर के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेनाइट पत्थर लगवाना।
- यज्ञशाला निर्माण: मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के लिए व्यवस्थित यज्ञशाला का निर्माण।
- श्रद्धालु सुविधा: मंदिर में पूजा सामग्री और प्रसाद रखने के लिए विशेष कक्ष का निर्माण।
- तालाब का कायाकल्प: देवी तालाब के उत्तरी भाग में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भव्य शेड का निर्माण।
- महिला सुरक्षा व सम्मान: तालाब के तीनों ओर महिला श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम की व्यवस्था।
- सुगम मार्ग: तालाब के पश्चिमी साइड की रिटर्निंग वॉल की ऊंचाई बढ़ाकर रास्ते को सुरक्षित और आसान बनाना।
- मरम्मत कार्य: जर्जर हो चुकी सीढ़ियों की तत्काल रिपेयरिंग।
समिति की एकजुटता
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सूर्य मंदिर और देवी तालाब न केवल आस्था का केंद्र हैं, बल्कि नगर की धरोहर भी हैं। इनका संरक्षण और विकास नगर पालिका की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:



इस अवसर पर समिति के सचिव राम विनय कुमार, कोषाध्यक्ष डीडी गिरि, पंकज पाण्डेय, मृगेन्द्र सिंह, तीरथप्रसाद मिश्रा, बालेन्द्र सिंह, समेश यादव, तेजभान सिंह और राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




