आत्मानंद स्कूल से लेकर तहसील परिसर तक बदलेगी सूरत, शिक्षा, स्वच्छता और जन-सुविधाओं पर नगर सरकार का फोकस
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में विकास की नई इबारत लिखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भव्य भूमि पूजन संपन्न हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव एवं उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा की गरिमामयी उपस्थिति में कुल 23 लाख 65 हजार रुपये की लागत वाले आधा दर्जन विकास कार्यों की नींव रखी गई। इन कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता
विकास कार्यों की इस कड़़ी में सबसे अधिक ध्यान शिक्षा के मंदिर ‘आत्मानंद स्कूल’ पर दिया गया है। स्कूल में भवन मरम्मत और क्लासरूम के कायाकल्प के लिए लगभग 12.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु शौचालय निर्माण का कार्य भी शुरू कराया गया है।
भूमि पूजन में शामिल प्रमुख कार्य एवं लागत
- आत्मानंद स्कूल में भवन निर्माण व मरम्मत कार्य: ₹5,08,000/-
- आत्मानंद स्कूल के क्लासरूम में मरम्मत कार्य: ₹7,65,000/-
- शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय में शौचालय निर्माण: ₹4,32,000/-
- एस.डी.एम. ऑफिस के पास शेड निर्माण: ₹2,62,000/-
- तहसील परिसर में कौशल्या पेंशनर कक्ष निर्माण: ₹1,98,000/-
- वार्ड क्रमांक 16 में शेड निर्माण: ₹2,00,000/-
कुल लागत: ₹23,65,000/-
पेंशनरों और आम जनता का रखा ख्याल
नगर पालिका ने तहसील परिसर में आने वाले बुजुर्गों और पेंशनरों की तकलीफ को समझते हुए ‘कौशल्या पेंशनर कक्ष’ के निर्माण की पहल की है। वहीं, सार्वजनिक स्थलों पर छाया हेतु एस.डी.एम. ऑफिस और वार्ड क्रमांक 16 में शेड निर्माण का कार्य भी जनहित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी इश्हाक खान, इंजीनियर विकास मिश्रा, अजय पैकरा, नगर पालिका परिषद के पार्षद गण अनिल प्रजापति, सपन महतो, किरण कुजूर, राजू यादव, सुशीला सिंह, स्वप्निल सिन्हा, जमील शाह, ओमप्रकाश जायसवाल, पप्पू हुसैन, इमरान खान, नीलू जायसवाल और रामधुन जायसवाल विनीत जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे, जिन्होंने नगर सरकार के इन प्रयासों की सराहना की। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने इस अवसर पर कहा कि नगर का चहुंमुखी विकास हमारी प्राथमिकता है और आने वाले समय में अन्य रुके हुए कार्यों को भी गति दी जाएगी।




