रायपुर निगम जोन-2 में बड़ा घोटाला, सफाईकर्मी भी निजी सेवा में व्यस्त, पूर्व जोन अध्यक्ष बंटी होरा ने उठाई तत्काल जांच की मांग
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर निगम जोन-2 क्षेत्र में सरकारी संसाधनों के खुले दुरुपयोग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर की सफाई व्यवस्था के लिए जनता के टैक्स के पैसों से खरीदे गए नगर निगम के ट्रैक्टर अब कुछ प्रभावशाली लोगों के निजी नौकर बनकर दौड़ रहे हैं। इन वाहनों में निगम का डीज़ल फूंका जा रहा है, जबकि गलियों और मोहल्लों में सफाई का काम ठप्प पड़ा है। इस गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पूर्व पार्षद और पूर्व जोन-2 अध्यक्ष बंटी होरा ने निगम प्रशासन पर तीखे हमले किए हैं और तत्काल उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

डीज़ल की खपत बढ़ी, सफाई व्यवस्था चरमराई
पूर्व जोन अध्यक्ष बंटी होरा ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि जिन सरकारी ट्रैक्टरों को आम जनता की सेवा और सफाई के लिए तैनात किया गया है, वे अब निजी कार्यों में इस्तेमाल हो रहे हैं। होरा ने कहा, “निगम का डीज़ल खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सड़कों पर गंदगी का अंबार है। यह साफ संकेत है कि डीज़ल और संसाधन सही जगह इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं, बल्कि कहीं न कहीं मिलीभगत से जनता के पैसों की खुली बर्बादी की जा रही है।”
केवल ट्रैक्टर नहीं, कर्मचारी भी निजी सेवा में
सूत्रों की मानें तो यह दुरुपयोग केवल ट्रैक्टरों तक ही सीमित नहीं है। निगम के कुछ सफाईकर्मी भी अपने ड्यूटी समय में निजी स्थलों पर काम करते देखे गए हैं। स्थानीय निवासियों ने पुष्टि की है कि उनके इलाके की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गलियों में कचरा पड़ा रहता है, लेकिन निगम के कर्मचारी और वाहन गायब रहते हैं, क्योंकि वे ‘कहीं और’ व्यस्त हैं।
निगम प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल
इस पूरे मामले ने नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का सीधा मामला माना जा रहा है। जोन-2 के नागरिकों ने महापौर और आयुक्त से सीधे अपील की है कि वे तत्काल इस मामले का संज्ञान लें और दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें। पूर्व जोन अध्यक्ष बंटी होरा ने चेतावनी दी है कि अगर एक निश्चित समय-सीमा के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देंगे।


About The Author














