सफेमा कोर्ट मुंबई के आदेश पर कार्रवाई, मकान, स्विफ्ट कार, 4 बाइक, स्कूटी सहित संपत्ति जप्त, सरगुजा रेंज में दूसरी बड़ी कार्रवाई

नई पहल न्यूज नेटवर्क। जशपुर। पुलिस के “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख 64 हजार 653 रुपए की संपत्ति फ्रीज करा दी है। यह कार्रवाई सफेमा (SAFEMA) कोर्ट, मुंबई के आदेश पर की गई है। जब्त संपत्तियों में मकान, एक स्विफ्ट डिजायर कार, चार मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी शामिल हैं। यह पूरी सरगुजा रेंज में SAFEMA के तहत दूसरी बड़ी कार्रवाई है। और दोनों ही बार यह सख्त कदम जशपुर पुलिस ने उठाया है।
नशे के खिलाफ ‘आघात’ अभियान जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर नकेल कस रही है। नशे के सामान की जब्ती के साथ अब पुलिस आदतन तस्करों की अवैध संपत्ति पर भी चोट कर रही है। इसी क्रम में चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम जामझोर निवासी कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की अवैध संपत्ति की जांच कर एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल ने रिपोर्ट SAFEMA कोर्ट मुंबई को भेजी थी।
कई बार पकड़ा गया था कुख्यात तस्कर
06 नवंबर 2021: चौकी कोतबा पुलिस ने 20.570 किलो गांजा जब्त कर रोहित यादव व साथियों को गिरफ्तार किया।
2013: 13 किलो गांजा के साथ पहली गिरफ्तारी।
2017 (अंबिकापुर): 23.630 किलो गांजा जब्त।
2023: 82 किलो गांजा के साथ फिर गिरफ्तारी।
इन सब मामलों में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था।
अवैध संपत्ति पर गिरी गाज
लगातार कार्रवाई के बाद भी रोहित यादव ने तस्करी नहीं छोड़ी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वह खेती-किसानी के नाम पर अवैध कमाई को वैध दिखा रहा था। एसडीओपी धुर्वेश कुमार जायसवाल की रिपोर्ट के आधार पर SAFEMA कोर्ट ने दो बार आरोपी को सुनवाई का अवसर दिया, परंतु वह अपना पक्ष नहीं रख सका। अंततः कोर्ट ने NDPS एक्ट 1985 की धारा 68(f)(1) के तहत उसकी *50,64,653 रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया।
हीराधर यादव के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले मार्च 2025 में ग्राम हल्दीझरिया निवासी हीराधर यादव की 1.38 करोड़ रुपए की संपत्ति SAFEMA कोर्ट के आदेश पर फ्रीज की गई थी।
अब रोहित यादव के खिलाफ हुई यह कार्रवाई जशपुर पुलिस के दृढ़ निश्चय और प्रोफेशनल कार्यशैली को दर्शाती है।
SSP का बयान
गांजा तस्करी रोकने पुलिस की यह कठोर कार्यवाही है। यह स्पष्ट संदेश है कि जो लोग नशे के धंधे से पैसा कमा रहे हैं, उनकी अवैध संपत्ति पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
जड़ों पर प्रहार
जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन आघात” अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नशे के कारोबार की बन चुका है।
दो कुख्यात तस्करों की करोड़ों की संपत्ति फ्रीज होने के बाद जिले में अब अन्य तस्करों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
About The Author














