प्रियंका गांधी से लेकर भूपेश बघेल, दीपक बैज और चरणदास महंत तक, कांग्रेस नेताओं के बयानों से कार्यकर्ताओं का अपमान : भाजपा

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज कांग्रेस संगठन पूरी तरह से ‘चमचा संस्कृति’ और ‘चमचागिरी की दौड़’ में बिखर चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता खुले मंच से अपने ही कार्यकर्ताओं को चमचा, स्लीपर सेल और सत्ता-सुखभोगी कहकर अपमानित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ता नेताओं की चापलूसी और चमचागिरी करके राजनीतिक लाभ उठाने में लगे हैं।
श्रीमती पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस के बड़े और अनुभवी नेता ही कार्यकर्ताओं को चमचा कहेंगे तो पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की स्थिति सहज ही समझी जा सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक सभा में कार्यकर्ताओं को चमचा कहा, भूपेश बघेल ने उन्हें स्लीपर सेल, दीपक बैज ने सत्ता-सुखभोगी और अब चरणदास महंत ने मंच से चमचा बताकर अपमानित कर दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के भीतर अब चमचागिरी का नया स्तर दिखने लगा है, जहाँ बड़े नेता भी अपने अनुभव और वरिष्ठता भूलकर केवल कुर्सी की लालच में मंच से चापलूसी करते हैं और पार्टी की बागडोर एक विवादित व्यक्ति को सौंपने की सिफारिश करते हैं। यह कांग्रेस की आंतरिक दुर्दशा और बिखराव की बड़ी तस्वीर पेश करता है।

About The Author














