सीएम विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष पद पर रीता शांडिल्य की नियुक्ति, सौर ऊर्जा नीति में संशोधन

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य और समाज के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक का मुख्य फोकस शहीद पुलिसकर्मी के परिवार का सम्मान और सेवानिवृत्त मीडिया कर्मियों के कल्याण पर रहा।
शहीद DSP आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति
सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 09 जून 2025 को शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की अदम्य वीरता और शहादत को सम्मानित करते हुए मंत्रिपरिषद ने उनकी पत्नी स्नेहा गिरेपूंजे को राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। यह कदम पुलिस परिवारों और सुरक्षा बलों में साहस और सम्मान की भावना को बढ़ावा देगा।
सेवानिवृत्त मीडिया कर्मियों का सम्मान बढ़ाया
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ वरिष्ठ मीडिया कर्मी सम्मान निधि के तहत सेवानिवृत्त हो चुके मीडिया कर्मियों को दी जाने वाली राशि को 10,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति माह करने का निर्णय लिया। इस फैसले से राज्य में पत्रकारिता के क्षेत्र में सम्मान और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित होगा।
लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष पद पर नियुक्ति
मंत्रिपरिषद ने लोक सेवा आयोग की वर्तमान सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य को अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने का प्रस्ताव भी अनुमोदित किया।
सौर ऊर्जा नीति में संशोधन
बैठक में पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करने के लिए राज्य की सौर ऊर्जा नीति में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। नई नीति के तहत सौर ऊर्जा परियोजनाओं को प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा और निवेशकों को ब्याज अनुदान, पूंजी लागत पर अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली शुल्क में छूट, भूमि बैंक से जमीन लेने पर रियायत और अन्य प्रोत्साहन मिलेंगे। कैबिनेट की बैठक ने सुरक्षा बलों के परिवार, मीडिया कर्मियों और उद्योग जगत के लिए अहम फैसले लिए हैं। शहीद DSP की पत्नी को नौकरी और मीडिया कर्मियों को बढ़ाया गया सम्मान राशि इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
About The Author














