
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिखाई हरी झंडी, छात्राओं की पढ़ाई होगी और सुगम
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत एसईसीएल ने बिलासपुर के शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राओं को बड़ा तोहफा दिया है। आज आयोजित समारोह में माननीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर महाविद्यालय को प्रदाय की गई 2 नई बसों का शुभारंभ किया।
छात्राओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन
इन नई बसों से नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का वातावरण सुदृढ़ होगा।

मंत्री तोखन साहू का बयान
कार्यक्रम में उपस्थित होकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा, नर्सिंग जैसे सेवा-आधारित क्षेत्र में अध्ययनरत छात्राओं को हर संभव सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। एसईसीएल की यह पहल छात्राओं की शिक्षा यात्रा को और सहज बनाएगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में एसईसीएल का योगदान
एसईसीएल द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में निरंतर CSR पहल की जा रही हैं। नर्सिंग महाविद्यालय को बस उपलब्ध कराना इसी कड़ी का अहम हिस्सा है। छात्राओं ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
बड़ी संख्या में लोग बने साक्षी
इस मौके पर श्री सीएम वर्मा, महाप्रबंधक (सीएसआर), एसईसीएल मुख्यालय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसईसीएल सीएसआर विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
About The Author














