सतर्कता विभाग की त्वरित जांच, कबाड़ी तक पहुँचा स्क्रैप बेचने का खेल उजागर

नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरबा। एसईसीएल (SECL) प्रबंधन ने कंपनी की संपत्ति की चोरी पर बड़ी सख्ती दिखाई है। सतर्कता विभाग की त्वरित कार्रवाई में कोरबा क्षेत्र के राजगमार और ढेलवाड़ीह खदानों में कार्यरत 6 कर्मियों को चोरी में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मी स्टोर से सामान इश्यू कराने के बाद लोहे/स्क्रैप को कबाड़ी की दुकानों में बेच रहे थे। सतर्कता विभाग ने संदिग्ध गाड़ियों की पहचान कर मामले की जांच की और दोषी कर्मियों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
शून्य सहनशीलता की नीति पर प्रबंधन सख्त
कोरबा क्षेत्रीय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा और पारदर्शिता के मामले में Zero Tolerance Policy अपनाई जाएगी। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पहले भी हो चुकी है सख्त कार्रवाई
विदित हो कि इससे पहले एसईसीएल की कॉलोनियों में अवैध बिजली कनेक्शन पर भी सतर्कता विभाग ने कार्रवाई की थी। वहीं प्रोजेक्ट डिजीकोल (DigiCoal Project) के तहत डीजल चोरी रोकने के लिए आधुनिक सेंसर तकनीक भी लागू की जा रही है। यह कार्रवाई एसईसीएल के उस संदेश को और मजबूत करती है कि कंपनी की संपत्ति से किसी भी तरह की हेराफेरी या चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
About The Author














