
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। भरतपुर विकासखंड के माथमौर में सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जिला पंचायत सदस्य और आम आदमी पार्टी के लोकसभा उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह ने आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा के साथ मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में कोटाडोल से जनकपुर तक सड़क निर्माण में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा देने की मांग की गई है। घघरा से पोंडी डोल तक पंडो बसाहट के लिए सड़क, पुल और पुलिया निर्माण की मांग भी शामिल है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिटी स्कैन और एक्स-रे मशीन की स्थायी व्यवस्था की मांग की गई है। साथ ही भरतपुर के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग रखी गई है।



शिक्षा के क्षेत्र में भरतपुर के सभी विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति और जमथान में स्वीकृत केंद्रीय एकलव्य विद्यालय को वहीं स्थापित करने की मांग की गई है।
ग्राम पंचायत गौधौरा में झिरिया नदी और गढ़वार में फुलवारी नदी पर बांध निर्माण की मांग भी पत्र में शामिल है। तोजा के आश्रित ग्राम तोजी में कंकाली माता मंदिर का सौंदर्याकरण और सीढ़ी निर्माण की मांग भी की गई है।
विशेष रूप से जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कमेटी गठन कर भौतिक सत्यापन कराने की मांग रखी गई है। साथ ही वालंद समाज और विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समाज के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष प्रावधान की मांग भी की गई है।




