राजनीतिक गलियारों में सस्पेंस बरकरार, किसे मिलेगी मंत्रीमंडल में जगह ?

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद अब निर्णायक दौर में पहुँच गई है। पूर्व मंत्री और विधायक अमर अग्रवाल ने राज्यपाल से मुलाकात कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी, वहीं अब मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल ने भी राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से भेंट की है। इस मुलाकात ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलों को और हवा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि यह मुलाकात सीधे तौर पर आने वाले कैबिनेट विस्तार की तैयारियों से जुड़ी हुई है।
पुराने घटनाक्रम की कड़ी
पिछले हफ्ते रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिमंडल विस्तार पर शीर्ष नेतृत्व से चर्चा की थी।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने संभावित नामों की सूची पर मंथन किया था।
अमर अग्रवाल के नाम की चर्चा लंबे समय से तेज रही है, वे पूर्व रमन सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।
अब मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले उमेश अग्रवाल का राजभवन पहुंचना एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
क्यों है अहम ये मुलाकात
राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही मंत्रिमंडल का विस्तार टलता रहा है। संगठन और सत्ता के बीच समीकरणों को साधने की कवायद लगातार चल रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षक मानते हैं कि साय सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार लगभग तय है और राजभवन की ये मुलाकात उसी दिशा का अगला कदम है।अब हर किसी की नज़र इस बात पर टिकी है कि साय कैबिनेट में आखिर किसे जगह मिलेगी।
About The Author














