जांजगीर-चांपा में 48 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, नवरंग होटल में अचानक गिर पड़ा ड्राइवर, हार्ट अटैक से मौत की आशंका : पूरी घटना CCTV में कैद

नई पहल न्यूज नेटवर्क। जांजगीर-चांपा। जिले के नैला रोड स्थित नवरंग होटल में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां 48 वर्षीय शिवनारायण गढ़ेवाल अचानक होटल में गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
होटल में अचानक बिगड़ी तबीयत
नवरंग होटल संचालक ने बताया कि रविवार को दोपहर 12.19 बजे शिवनारायण गढ़ेवाल होटल पहुंचे थे। वह कुर्सी लेने ही वाले थे कि अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। होटल स्टाफ ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
पहले से बीमार थे मृतक
डॉ. लोकेंद्र कश्यप ने बताया कि मृतक बीपी और शुगर के मरीज थे। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हुई है।
सुबह से सीने में हो रहा था दर्द
मृतक के बेटे ने जिला अस्पताल चौकी में बयान दिया कि उनके पिता सुबह लगभग 8 बजे से सीने में दर्द की शिकायत कर रहे थे। इसके बावजूद वे काम पर निकल गए थे।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव
जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।


About The Author














