
गजेंद्र यादव की एंट्री पक्की, बिहार चुनाव और संघ परिवार की मजबूती बड़ा कारण
अग्रवाल लाबी से एक मंत्री तय, तीन नामों में मंथन जारी, लता उसेंडी और गुरु खुशवंत साहेब में से भी किसी एक को मिल सकती है जगह
21 अगस्त से पहले होगा मंत्रिमंडल विस्तार, सियासी समीकरण साधने की कवायद तेज
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। यह तो लगभग तय है कि 21 अगस्त से पहले शपथ ग्रहण होगा, लेकिन अभी तक इस बात पर संशय है कि दो मंत्री शामिल होंगे या तीन। मगर इस सस्पेंस के बीच एक नाम को लेकर कोई संशय नहीं है गजेंद्र यादव। उनकी एंट्री पक्की मानी जा रही है। वजह साफ है वे खांटी संघ परिवार से आते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में लाल किले से संघ की खुलकर तारीफ की थी। साथ ही, आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटों को साधने के लिए गजेंद्र यादव की भूमिका अहम मानी जा रही है। यही वजह है कि उनके नाम पर कोई अड़चन नहीं है।
अमर अग्रवाल, लता उसेंडी भी बन सकते है मंत्री
गजेंद्र यादव के अलावा दो मंत्री और शामिल होंगे। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा अग्रवाल लाबी की है। पार्टी के अंदर यह मान्यता है कि मंत्रिमंडल में किसी अग्रवाल चेहरे को जगह दी जानी चाहिए। मगर कौन? यह अभी तक तय नहीं। तीन नामों पर मंथन जारी है अमर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और संपत अग्रवाल। इसी बीच, अनुसूचित जाति और आदिवासी समीकरण को लेकर भी माथापच्ची जारी है। अनुसूचित जाति वर्ग से गुरु खुशवंत साहेब का नाम प्रबल है, जबकि आदिवासी महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए लता उसेंडी की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। कुल मिलाकर, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज है, लेकिन तस्वीर साफ होने के लिए सभी की निगाहें 21 अगस्त से पहले होने वाले शपथ ग्रहण पर टिकी हुई हैं।
About The Author














