एकलव्य कन्या छात्रावास में सुबह मिली अधीक्षिका की लाश क्षेत्र में बढ़ती आत्महत्याएं बनी चिंता का विषय, 45 दिन में 5 युवाओं ने दी जान

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रामानुजगंज। एकलव्य आवासीय विद्यालय के कन्या छात्रावास की अधीक्षिका नेहा वर्मा (25 वर्ष) ने शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से पटना (बिहार) की रहने वाली थीं और पिछले वर्ष 27 जून 2024 को यहां नियुक्त हुई थीं। घटना की जानकारी उस वक्त मिली जब विद्यालय के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां नेहा फंदे से लटकी हुई मिली। तत्काल उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। विद्यालय प्राचार्य राजू सिंह ने बताया कि नेहा व्यवहार कुशल और कर्तव्यनिष्ठ थीं। उन्होंने गुरुवार रात तक नियमित ड्यूटी की थी और किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे स्टाफ ने घटना की सूचना उन्हें दी। गौर करने वाली बात यह है कि नेहा का मोबाइल घटना के बाद भी लगातार बजता रहा, जिससे यह संदेह और गहराता है कि उन्होंने अचानक इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। वहीं, इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक ने अन्य स्टाफ को घटना की जानकारी दी, जिससे यह मामला और रहस्यमय बन गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। नेहा के मोबाइल, इंस्टाग्राम अकाउंट और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं।
आंकड़ों की सच्चाई भी डरा रही है
रामानुजगंज क्षेत्र में आत्महत्या की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले 45 दिनों में फांसी लगाकर आत्महत्या की यह पांचवीं घटना है। इन सभी मामलों में मृतकों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच रही है और सभी अविवाहित थे। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। नेहा वर्मा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

#नेहा_वर्मा_मौत #एकलव्य_विद्यालय #रामानुजगंज_समाचार #छत्तीसगढ़_खबरें #YouthSuicideCrisis #BreakingNews


About The Author










































