कांवरिया सेवा केंद्र में रुककर की पूजा-अर्चना, यात्रियों की सेवा को बताया ‘सावन का सबसे पुण्य कार्य। भोजन, ठहराव और सम्मान में जुटा पूरा नगर, 300 से अधिक कांवरियों को मिल रही निःशुल्क सुविधा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रामानुजगंज। सावन की पवित्र बेला में झारखंड के बाबा बैजनाथ धाम के लिए निकली कांवड़ यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सपत्नी कांति जायसवाल और पूरे परिवार समेत रामानुजगंज पहुंचे। उन्होंने बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में संचालित सेवा कार्यों का निरीक्षण किया और श्रद्धा से पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में जोरदार स्वागत हुआ फूल-मालाओं, शंखध्वनि और आतिशबाजी के बीच मंत्री दंपति का अभिनंदन किया गया। नगर के पंडितों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा सम्पन्न कराई गई।

मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा

यहां की सेवा भावना देखकर मन अभिभूत हो गया। नगरवासी श्रद्धा, समर्पण और सेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं। 300 से ज्यादा कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन और विश्राम की जो निःशुल्क व्यवस्था की गई है, वह अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुदूर गांवों व नगरों से 700 किमी तक की यात्रा कर श्रद्धालु रामानुजगंज पहुंचते हैं, ऐसे में यह सेवा उन्हें ऊर्जा देती है और उनकी यात्रा को सुगम बनाती है।
सेवा समिति प्रमुख रमन अग्रवाल ने बताया
नगरवासियों के सहयोग से प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं। यह हमारे लिए पुण्य का कार्य है, और हर साल हम इसे विस्तार देंगे।


About The Author










































