छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवा को नई रफ्तार : GPS युक्त 70 दवा आपूर्ति वाहन शुरू, अब दवाइयाँ पहुँचेंगी समय पर, सुरक्षित और ठंडे तापमान में !

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी सशक्तता से और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने नया रायपुर स्थित सीजीएमएससी (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन) कार्यालय में जीपीएस युक्त अत्याधुनिक दवा आपूर्ति वाहनों का निरीक्षण किया। प्रदेश की जनता को समयबद्ध, सुरक्षित और तापमान नियंत्रित दवा आपूर्ति सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को निभाते हुए मंत्री जायसवाल ने विधानसभा में की गई अपनी घोषणा को धरातल पर उतार दिया है। अब सीजीएमएससी द्वारा 70 दवा वाहनों को अत्याधुनिक GPS ट्रैकिंग सिस्टम से लैस कर दिया गया है।
इन वाहनों की खासियत :
रीयल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग – अब हर वाहन की निगरानी संभव।
टेंपरेचर कंट्रोल सिस्टम – जीवनरक्षक दवाइयाँ सुरक्षित रहें।
वेबपोर्टल से सीधा लिंक – विभाग की कार्यशैली और पारदर्शिता में इज़ाफ़ा।

मंत्री जायसवाल ने बताया कि “ये पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाएगी बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में भी जीवनरक्षक दवाइयों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। इस अवसर पर सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य सेवाएं सचिव अमित कटारिया और प्रबंध संचालक पद्मिनी भोई सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने आगे जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जिलों में नए वेयरहाउस की स्थापना पर भी विचार चल रहा है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला और अधिक मज़बूत की जा सकेगी। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल और लॉजिस्टिक दृष्टि से एक नई दिशा देने वाली यह पहल निश्चित ही “डिजिटल हेल्थ गवर्नेंस” की ओर राज्य का सशक्त कदम है।
#स्वस्थ_छत्तीसगढ़ #GPSवालेवाहन #स्वास्थ्य_मंत्री_एक्शन_में


About The Author










































