प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग ने जारी किया संशोधित आदेश; मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के नाम से होगा कार्यालय का संचालन
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। सेतु निर्माण कार्यालय को बैकुंठपुर शिफ्ट करने के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन और हंगामे का बड़ा असर सामने आया है। कांग्रेसियों के कड़े रुख और प्रशासनिक दवाब के बाद आखिरकार शासन-प्रशासन को झुकना पड़ा है। प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को एक नया और संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके तहत अब सेतु उपसंभाग कार्यालय मनेंद्रगढ़ में ही यथावत कार्य करेगा।
क्या था पूरा मामला और नया आदेश?
इससे पहले शासन के आदेश के तहत मनेंद्रगढ़ स्थित सेतु उपसंभाग कार्यालय को बंद कर बैकुंठपुर (कोरिया) में नया कार्यालय सृजित करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी बात से नाराज होकर कांग्रेस पार्षदों और पदाधिकारियों ने कार्यालय के गेट पर जमकर नारेबाजी की थी, फर्नीचर से भरी गाड़ी को रोककर सामान वापस उतरवाया था और तहसीलदार के आश्वासन पर धरना समाप्त किया था।

जनआक्रोश और विरोध को देखते हुए अब प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश (क्रमांक ESTB-102/1227/2026) के जरिए यह स्पष्ट कर दिया गया है कि श्री बृजेश कुमार पेण्ड्रो (सहायक अभियंता) की वर्तमान पदस्थापना अब “अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग सेतु उपसंभाग मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर” के रूप में होगी।
जनता और कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि
इस नए आदेश के बाद यह साफ हो गया है कि मनेंद्रगढ़ के हक और यहाँ के प्रशासनिक कार्यालयों को शिफ्ट करने की साजिश पर जनता और कांग्रेस के संघर्ष की जीत हुई है। स्थानीय निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अधिकारों की एक बड़ी सफलता बताया है।
इन्होंने किया था प्रदर्शन
- हाफिज मेमन (युवक कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष)
- अनिल प्रजापति (नेता प्रतिपक्ष)
- राजेश शर्मा (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष)
- अजय जायसवाल (पार्षद)
- मुकेश अग्रवाल (पार्षद)
- स्वप्निल सिन्हा (पार्षद)
- रवि जैन
- गीतिका चंदेल
- अनिल वर्मा
- शिवम सिंह
- राजेश सिंह
- शुद्धूलाल वर्मा
About The Author










































