– मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिली भारतीय वायु सेना की सारंग डिस्प्ले टीम, राज्योत्सव के मुख्य आकर्षण पर हुई चर्चा – महिला पायलटों की सहभागिता छत्तीसगढ़ की बेटियों को देगी ऊंचे सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर इस बार नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बनेगा। राजधानी स्थित निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का आत्मीय स्वागत करते हुए इसे प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय बताया।

राज्योत्सव के तहत 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस विशेष प्रदर्शन में वायु सेना के पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर आसमान में रोमांचक करतब और हैरतअंगेज संरचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का मजबूत होगा संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चर्चा के दौरान कहा कि वायु सेना का यह एयर शो छत्तीसगढ़ के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा और विमानन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। स्वदेशी तकनीक से बने उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से होने वाला यह प्रदर्शन भारत की तकनीकी सामर्थ्य और विमानन उत्कृष्टता का जीवंत परिचय देगा। यह आयोजन युवाओं में देश सेवा की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में गरजेंगे पांच हेलीकॉप्टर
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में मिलने वाले आतिथ्य और राज्योत्सव का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
- महिला सशक्तिकरण की मिसाल: टीम में शामिल दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया अपनी असाधारण प्रतिभा से प्रदेश की बेटियों को रक्षा और विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
- वैश्विक पहचान: विश्व स्तर पर हेलीकॉप्टरों से एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमों में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है, जो अपनी सटीक सामूहिक उड़ान और राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित आकर्षक डिजाइन के लिए जानी जाती है।
राज्योत्सव की भव्यता में जुड़ेगा नया अध्याय
नवा रायपुर के सेंध लेक के आसमान में होने वाले इस एयर शो के दौरान हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, करीबी संरचनाएं और अद्भुत कलाबाजियां दर्शकों को रोमांचित कर देंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित रहे।
About The Author










































