नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेन्द्रगढ़ : छत्तीसगढ़ में मौसम के कड़े तेवर और भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रहित में एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के कलेक्टर एवं जिला दग्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कल यानी 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ियों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन का यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय (महानदी भवन, अटल नगर) से प्राप्त इनपुट और राज्य में जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद, मौसम के संभावित तांडव को भांपते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में लगातार बिगड़ते मौसम, भारी बारिश और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए मासूम बच्चों और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन के अवकाश का एहतियाती फरमान जारी किया गया है।

- किन संस्थानों में रहेगा अवकाश? यह एकदिवसीय अवकाश जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों, तथा सभी शासकीय व अशासकीय प्राथमिक शालाओं, माध्यमिक शालाओं, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों पर पूरी तरह लागू होगा।
- कब प्रभावी रहेगा आदेश? यह आदेश आगामी 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) के लिए एक दिवस हेतु प्रभावी रहेगा तथा यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
- स्टाफ के लिए क्या है स्थिति? (विशेष छूट) छात्रों के लिए भले ही राहत भरा अवकाश घोषित किया गया हो, लेकिन शिक्षकों, आंगनबाड़ियों की सुपरवाइजर, कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर यह अवकाश लागू नहीं होगा। उन्हें अपने निर्धारित दायित्वों के अनुसार उपस्थित रहना होगा।
प्रशासन की चेतावनी और निर्देश:
मौसम विभाग द्वारा राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यह त्वरित कदम उठाया है। जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा इस आदेश की प्रति सामान्य प्रशासन विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, और महिला एवं बाल विकास विभाग समेत जिले के तमाम बड़े अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।
अभिभावकों और छात्रों से अपील की गई है कि वे इस एक दिवसीय अवकाश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित रहें।
About The Author










































