हाई स्कूल खुंदनी का मामला: जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से बातचीत के बाद शाला प्रबंधन ने बदला फैसला
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र से विधायक और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने छात्रों और अभिभावकों के हित में एक बड़ी और संवेदनशील पहल की है। शासकीय हाई स्कूल खुंदनी द्वारा शैक्षणिक सत्र के बीच में ही बिना किसी पूर्व सहमति के 7 विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) थमा दिया गया था और उन्हें ओपन स्कूल की परीक्षा देने का निर्देश दिया गया था।

अभिभावकों और पीड़ित बच्चों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संगीता सिन्हा स्वयं खुंदनी स्कूल पहुंचीं। जब उन्होंने इस अप्रत्याशित कदम को लेकर स्कूल के प्राचार्य से जवाब-तलब किया, तो प्राचार्य ने इसे उच्च अधिकारियों के निर्देशों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया।
दूरभाष पर नाराजगी व्यक्त कर कराया प्रवेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए संगीता सिन्हा ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कलेक्टर से फोन पर सीधी बात की। उन्होंने बीच सत्र में छात्रों को इस तरह बाहर किए जाने की कार्यवाही पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विधायक के कड़े रुख और त्वरित हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया, जिसके परिणामस्वरूप शाला प्रबंधन को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा और सभी 7 बच्चों को पुनः स्कूल में नियमित प्रवेश दे दिया गया।
प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों और पीड़ित बच्चों के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू, महामंत्री शादिक अली, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोनू ठाकुर, सेक्टर प्रभारी केशू साहू और युवा नेता हिमांशु लावत्रे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संगीता सिन्हा की इस तत्परता की क्षेत्र के पालकों और ग्रामीणों ने सराहना की है।
About The Author










































