मजदूरों की सुरक्षा पर जताई गहरी चिंता; बोले डॉ. महंत – सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हो निष्पक्ष जांच
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/सक्ती|छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे पर गहरा शोक और गंभीर चिंता व्यक्त की है। हादसे की खबर मिलते ही डॉ. महंत ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल सक्ती जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर चर्चा की और वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन को दो टूक: इलाज में न हो कमी, जांच हो पारदर्शी
डॉ. महंत ने प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों का साथ देना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निम्नलिखित बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए:
- सर्वोत्तम इलाज: घायल श्रमिकों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल या अन्य विशेषज्ञों के माध्यम से त्वरित और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
- दोषियों पर नकेल: घटना की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए ताकि तकनीकी या मानवीय लापरवाही का पर्दाफाश हो सके।
- परिजनों को सहारा: मृतक और घायल श्रमिकों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
“श्रमिकों की जान से खिलवाड़ मंजूर नहीं”
डॉ. चरणदास महंत ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि उद्योगों के विकास के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कड़े लहजे में कहा:
सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वेदांता प्लांट की यह घटना गहन जांच का विषय है। भविष्य में ऐसी दुखद पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जवाबदेही तय करना अनिवार्य है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
हादसे के बाद क्षेत्र में उपजे तनाव को देखते हुए डॉ. महंत ने स्थानीय प्रशासन को स्थिति पर पैनी नजर रखने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावितों को आश्वासन दिया है कि वह व्यक्तिगत रूप से इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और न्याय सुनिश्चित करेंगे।
About The Author














